कवर्धा न्यूज़ - प्रतिदिन प्रातः 7.30 बजे से हो रहा श्लोक पाठ : जिला जेल में बंदियों को कराया जा रहा गीता का अध्ययन
Chief Editor - Digvendra Kumar Gupta / Thu, Feb 5, 2026 / Post views : 150
जिला जेल में बंदियों को कराया जा रहा गीता का अध्ययन
प्रतिदिन प्रातः 7.30 बजे से हो रहा श्लोक पाठ
कवर्धा, 05 फरवरी 2026। जिला जेल कबीरधाम में बंदियों के नैतिक, आध्यात्मिक एवं व्यक्तित्व विकास के उद्देश्य से गीता परिवार के द्वारा नियमित रूप से गीता के सभी अध्यायों का अध्ययन कराया जा रहा है। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में 03 फरवरी 2026 से प्रारंभ किया गया है। कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के 11 बंदियों को गीता के समस्त अध्यायों का क्रमबद्ध अध्ययन कराया जा रहा है। प्रतिदिन प्रातः 7.30 बजे से 8.10 बजे तक ऑनलाइन माध्यम से गीता पाठ का आयोजन किया जा रहा है। गीता परिवार से जुडे श्रीमती वर्षा वर्मा (धर्मपत्नी कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा), श्री नितिन गोरे एवं श्रीमती साई काव्या के द्वारा बंदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से गीता पाठ की कक्षाएं ली जा रही है और सरल एवं सहज भाषा में गीता के श्लोकों का अर्थ, भावार्थ एवं जीवन में उनके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी जा रही है।
सहायक जेल अधीक्षक श्री राजेंद्र बंजारे ने बताया कि यह गीता अध्ययन कार्यक्रम कुल 3 माह की अवधि का होगा, जिसमें बंदियों को गीता के सभी 18 अध्यायों का अध्ययन कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य बंदियों के भीतर सकारात्मक सोच का विकास करना, आत्मचिंतन की प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें जीवन में सही दिशा एवं मूल्यबोध प्रदान करना है। श्री बंजारे ने बताया कि गीता अध्ययन के माध्यम से बंदियों में धैर्य एवं मानसिक शांति जैसे गुणों का विकास होगा जिससे उनके व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेगा।
Chief Editor - Digvendra Kumar Gupta
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन