kawardha news - भोरमदेव कॉरिडोर से पर्यटन विकास को मिलेगी नई पहचान : : छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल अध्यक्ष श्री शर्मा ने भोरमदेव मन्दिर पहुच कर किया विशेष पूजा अर्चना
Chief Editor - Digvendra Kumar Gupta / Sun, May 25, 2025 / Post views : 268
भोरमदेव कॉरिडोर से पर्यटन विकास को मिलेगी नई पहचान : नीलू शर्मा
कबीरधाम जिले में पर्यटन विकास की असीम संभावनाएं
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल अध्यक्ष श्री शर्मा ने भोरमदेव मन्दिर पहुच कर किया विशेष पूजा अर्चना
कवर्धा, 25 मई 2025।
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा ने कहा है कि कबीरधाम जिले में पर्यटन विकास की असीम संभावनाएं हैं, और भोरमदेव कॉरिडोर का निर्माण इस दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा। कवर्धा प्रवास के दौरान श्री शर्मा ने भोरमदेव मंदिर पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और बाबा भोरमदेव से प्रदेशवासियों की समृद्धि की कामना की।
श्री शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन व विशेष प्रयासों से भारत सरकार के केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय द्वारा स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के तहत कबीरधाम जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों के समग्र विकास के लिए 146 करोड़ रूपए की स्वीकृति मिली है। इस राशि से भोरमदेव मंदिर, मड़वा महल, छेरकी महल, रामचुवा मंदिर और सरोदा बांध जैसे स्थलों का समग्र विकास किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा भोरमदेव कॉरिडोर निर्माण की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। श्री शर्मा ने बताया कि उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, पर्यटन मंडल के अधिकारियों, जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में इस परियोजना को अंतिम रूप दिया गया है।
बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि भोरमदेव मंदिर के इतिहास में पहली बार जल शुद्धिकरण (वाटर ट्रीटमेंट) की ऐतिहासिक पहल की जा रही है। मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण कर उसे भव्य और सुविधायुक्त स्वरूप में विकसित किया जाएगा। परियोजना के अंतर्गत छह भव्य प्रवेश द्वार, नागद्वार, पार्क, संग्रहालय, परिधि दीवारों का संवर्धन, नई सीढ़ियों का निर्माण, पिलर हॉल, चिल्ड्रन पार्क, प्रसाद मंडप, अनुष्ठान भवन, यज्ञ स्थल, शौचालय, मेला ग्राउंड की ओर से पार्किंग सहित प्रवेश द्वार जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
मंदिर के समीप एक आधुनिक संग्रहालय का निर्माण प्रस्तावित है, जो वर्तमान संग्रहालय से चार से पांच गुना बड़ा होगा। श्रद्धालुओं के लिए जूते रखने की व्यापक व्यवस्था, तालाब क्षेत्र का सौंदर्यीकरण, म्यूजिकल फाउंटेन, जल संरक्षण की व्यवस्था, भंडारा भवन, कांवड़ियों के लिए डोम, छायायुक्त सीढ़ियां, मंच, पार्किंग और कई अन्य सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
बैठक के बाद छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री शर्मा ने प्रदेश तथा जिले सुप्रसिद्व पर्यटन स्थल सरोदा दादर(चिल्फी घाटी) में बने पर्यटन रिसोर्ट का निरीक्षण किया।

Chief Editor - Digvendra Kumar Gupta
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन